पिथौरागढ़। उत्तराखंड कांग्रेस के पिथौरागढ़ में आयोजित ‘संकल्प परिवर्तन’ कार्यक्रम के दौरान हुए हाईवोल्टेज हंगामे के मामले में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए तीन नेताओं को पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। इस कार्रवाई को संगठन में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी आदेश के अनुसार पूर्व दर्जा मंत्री महेंद्र लूंठी, दीपक लूंठी और भावना नगरकोटी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित किया गया है। आदेश में कहा गया है कि तीनों नेताओं ने कार्यक्रम के दौरान मंच पर अभद्र व्यवहार किया, अनुशासनहीनता प्रदर्शित की और पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला आचरण किया। इन्हीं आरोपों के आधार पर उनके खिलाफ यह कठोर कार्रवाई की गई है।
प्रदेश संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने निष्कासन संबंधी आदेश जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन अनुशासन के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। पार्टी की गरिमा और संगठनात्मक मर्यादा सर्वोपरि है तथा अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।
30 जून को हुआ था जमकर बवाल
गौरतलब है कि 30 जून को पिथौरागढ़ में आयोजित कांग्रेस के ‘संकल्प परिवर्तन’ कार्यक्रम के दौरान मंच पर अचानक हंगामा शुरू हो गया था। नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच हुई तीखी नोकझोंक ने कार्यक्रम का माहौल बिगाड़ दिया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि कार्यक्रम में मौजूद विधायक मयूख महर को बीच में ही मंच छोड़कर जाना पड़ा। इस घटनाक्रम के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया था ‘सोची-समझी साजिश’
घटना के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने पूरे विवाद को “सोची-समझी साजिश” बताते हुए कहा था कि कुछ लोगों ने जानबूझकर कार्यक्रम को बाधित करने और पार्टी की छवि खराब करने का प्रयास किया। इसके बाद संगठन स्तर पर पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की गई थी।
साफ संदेश: अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
करीब 5 दिन के भीतर पार्टी ने तीन नेताओं पर छह साल का निष्कासन लागू कर यह स्पष्ट संकेत दिया है कि संगठन में अनुशासनहीनता, अभद्रता और सार्वजनिक मंच पर पार्टी की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी नेता या कार्यकर्ता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। माना जा रहा है कि इस फैसले के बाद प्रदेश कांग्रेस में अनुशासन को लेकर और भी कड़ा संदेश जाएगा।
