रामगंगा का रुख बदला, खैंचवा तोक के 9 परिवारों पर मंडराया खतरा; सुरक्षा कार्य की उठी मांग

खबर शेयर करें 👉

बागेश्वर/पिथौरागढ़। क्षेत्र पंचायत क्षेत्र नामती-चेटाबगड़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत कालापेर कापड़ी के खैंचवा तोक में रामगंगा नदी का बहाव बदलने से नौ परिवारों पर खतरा मंडराने लगा है। क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि मनोज कोश्यारी ने प्रशासन को भेजे ज्ञापन में बताया कि हरडिया नाले से पिछले दो वर्षों में आए भारी मलबे से नदी में अस्थायी डैम बन गया था, जिससे नदी झील का रूप ले चुकी थी।

ज्ञापन के अनुसार हाल ही में सिंचाई विभाग, धारचूला डिवीजन द्वारा डैम खोलने के दौरान नदी की धारा को इस प्रकार मोड़ा गया कि उसका सीधा प्रभाव खैंचवा तोक पर पड़ने लगा है। इससे अनुसूचित जाति के नौ परिवारों के मकानों, कृषि भूमि और अन्य संपत्तियों पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।

मनोज कोश्यारी ने प्रशासन से क्षेत्र का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर तटबंध निर्माण, नदी प्रशिक्षण (रिवर ट्रेनिंग) तथा अन्य स्थायी सुरक्षा कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए और भारी बारिश या जलस्तर में वृद्धि हुई, तो क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हो सकता है।