पिथौरागढ़ विमानपत्तन पर धूमधाम से मनाया गया ‘यात्री सुविधा दिवस’

खबर शेयर करें 👉

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा आज पिथौरागढ़ (नैनीसैनी) विमानपत्तन पर ‘यात्री सुविधा दिवस’ का आयोजन बड़े उत्साह, गरिमा एवं भव्यता के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों के प्रति सम्मान व्यक्त करना, उनकी सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विमानपत्तन पर उत्कृष्ट यात्री सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करना था।

इस अवसर पर एयरपोर्ट निदेशक श्री संदीप यादव के नेतृत्व में विमानपत्तन पर आगमन करने वाले सभी यात्रियों का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से यात्रियों को जलपान किट एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गंगोत्री गर्ब्याल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करता छलिया नृत्य रहा, जिसने उपस्थित यात्रियों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए एयरपोर्ट निदेशक द्वारा छात्राओं एवं उनके मार्गदर्शन में सहयोग देने वाली अध्यापिकाओं का विशेष अभिनंदन एवं सम्मान किया गया।

यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर विमानपत्तन की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पर्यावरण मित्रों (सफाई कर्मियों) को भी सम्मानित किया गया। एयरपोर्ट निदेशक ने उनके समर्पण एवं अथक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान किए।

कार्यक्रम के दौरान विमानपत्तन पर कार्यरत विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया, जिससे पूरे वातावरण में देशभक्ति एवं एकता की भावना का संचार हुआ।

कार्यक्रम की अन्य गतिविधियों के अंतर्गत विमानपत्तन पर कार्यरत विभिन्न विभागों की महिला कर्मियों को उनके योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया तथा उन्हें उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े स्मृति-चिन्ह भेंट किए गए।

एयरपोर्ट निदेशक श्री संदीप यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं विश्वस्तरीय सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा यात्री सुविधा दिवस इसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी विभागों, विद्यालय प्रशासन, छात्राओं एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में विमानपत्तन के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, यात्री एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।