पिथौरागढ़ में करनी है ट्रेकिंग, तो अब ट्रेकर्स को पंजीकरण अनिवार्य, बिना सूचना ट्रैकिंग पर होगी कार्रवाई

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ । जिले में ट्रैकिंग सीजन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के मद्देनज़र कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने सभी टूर ऑपरेटरों और ट्रैवल एजेंसियों को निर्देशित किया है कि मिलम, रालम, सुंदरढूंगा, नामिक, दारमा वैली, पंचाचूली बेस कैंप, नंदा देवी ईस्ट बेस कैंप, लिपुलेख पास समेत सभी ट्रैकिंग रूटों पर जाने वाले ट्रेकर्स और पर्वतारोहण दलों का पूर्व पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराया जाए।
प्रशासन के अनुसार ट्रैकिंग दलों की पूरी जानकारी—नाम, पता, मोबाइल नंबर, आयु और आधार संख्या—पूर्व में संबंधित उपजिलाधिकारी, वन विभाग एवं पर्यटन विभाग को उपलब्ध करानी होगी। बिना सूचना ट्रैकिंग पर जाने और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित टूर ऑपरेटर जिम्मेदार माना जाएगा तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मौसम विभाग और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की चेतावनियों का पालन करना भी अनिवार्य किया गया है।