चमोली के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी (थराली) में मई दिवस के उपलक्ष्य में समाजशास्त्र विभाग के तत्वावधान में “संविदा श्रमिक एवं श्रम संहिता” विषय पर वैचारिक गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने श्रमिकों के अधिकार, कार्य परिस्थितियों और नई श्रम संहिताओं पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्य वक्ता डॉ. सौरभ कुमार टम्टा, सहायक प्राध्यापक समाजशास्त्र कैंपस गोपेश्वर ने संविदा श्रमिकों की कार्य परिस्थितियों और चुनौतियों पर प्रकाश डाला। सहवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश गौड़ ने मई दिवस के महत्व और वर्तमान समय में श्रमिकों की स्थिति पर अपने विचार रखे। वहीं योगेश देवराड़ी और धीरेन्द्र नेगी ने नई श्रम संहिताओं एवं हालिया श्रम सुधारों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के तहत कविता, निबंध और पोस्टर प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कविता प्रतियोगिता में हिमांशी और मनमोहन संयुक्त रूप से प्रथम, प्रवीण द्वितीय तथा प्रदीप तृतीय स्थान पर रहे। निबंध प्रतियोगिता में अंकित सिंह प्रथम, दीक्षा देवराड़ी द्वितीय और अनमोल जोशी तृतीय स्थान पर रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में इशा, निशा और रेणुका ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद, जिला पंचायत सदस्य कलावती देवी, कनिष्ठ प्रमुख थराली राजेश चौहान, ग्राम प्रधान दीपा फरस्वाण, पीटीए अध्यक्ष संतोष रावत, भूतपूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कृष्णा रावत तथा सफाई कर्मी सगा देवी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन मोहित उप्रेती एवं संचालन डॉ. ललित जोशी ने किया।
