पिथौरागढ़ । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नारायण आश्रम में ‘हरित योग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की पूर्व गतिविधियों के तहत आयोजित कार्यक्रम में योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नारायण स्वामी ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश भाई पैठाड़ी ने की। आयुष विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रकाश गुंज्याल तथा विशिष्ट अतिथि खीमराज सिंह ह्याकी और गगन सिंह पतियाल उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षक त्रिभुवन जोशी ने योगाभ्यास कराया।
कार्यक्रम में 100 से अधिक लोगों ने भाग लिया और योग को दैनिक जीवन में अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया। इस दौरान आयुष विभाग के चिकित्सकों, योग अनुदेशकों, ग्राम प्रधानों, आशा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने भी सहभागिता की।
