रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा ठप, मरीजों की बढ़ी परेशानी

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। जिला अस्पताल में तैनात एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर होने से अल्ट्रासाउंड सेवा पूरी तरह ठप हो गई है। गुरुवार को अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचे मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ा, जबकि कई लोगों को मजबूरन निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ा। इसका सबसे अधिक असर गर्भवती महिलाओं पर पड़ रहा है, जिन्हें नियमित जांच के लिए निजी अस्पतालों में अतिरिक्त खर्च उठाना होगा। अस्पताल प्रशासन के अनुसार रेडियोलॉजिस्ट 10 जून तक अवकाश पर रहेंगे, जिसके चलते अगले बुधवार को महिला अस्पताल में प्रस्तावित गर्भवतियों के अल्ट्रासाउंड भी नहीं हो सकेंगे। प्रभारी पीएमएस डॉ. एमएस रजवार ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट की अनुपस्थिति में फिलहाल अल्ट्रासाउंड सेवा बंद रहेगी। मरीजों ने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।