उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा के दौरान अब तक चारों धामों में 27 लाख 67 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं, हेमकुंड साहिब में भी 34 हजार से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं।
आंकड़ों के अनुसार, केदारनाथ धाम में सबसे अधिक 10 लाख 18 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए हैं। बद्रीनाथ धाम में 7 लाख 80 हजार श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन के लिए पहुंचे।
इसके अलावा गंगोत्री धाम में 4 लाख 71 हजार श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए, जबकि यमुनोत्री धाम में 4 लाख 58 हजार से अधिक यात्रियों ने मां यमुना का आशीर्वाद प्राप्त किया।
चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है। यात्रा मार्गों पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालु सुगमता से अपनी यात्रा पूर्ण कर सकें।
धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य के संगम वाली उत्तराखंड की चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ती नजर आ रही है।
