राहत में देरी की लेकर जिलाधिकारी ने लगाई कड़ी फटकार
पिथौरागढ़। मुनस्यारी क्षेत्र में आपदा प्रभावित परिवार को समय पर राहत नहीं मिलने संबंधी समाचार का जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने तत्काल संज्ञान लिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
प्रशासन की टीम ने परिवार को कंबल, राशन समेत अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। राहत में हुई देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आपदा पीड़ितों की मदद में किसी भी स्तर पर लापरवाही या संवेदनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा के समय प्रभावित परिवारों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए, बल्कि प्रशासन को स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर त्वरित और संवेदनशील राहत उपलब्ध करानी होगी। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को आपदा की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर राहत एवं पुनर्वास की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पीड़ित परिवार की स्थिति का आकलन कर दीर्घकालिक और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि आपदा प्रभावितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए।
त्वरित सहायता मिलने पर पीड़ित परिवार के सदस्य दुर्गा राम ने जिला प्रशासन का आभार जताया।
