पिथौरागढ़ स्थित हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज के छात्र समीर बोहरा ने उज्बेकिस्तान में आयोजित अंडर-15 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन किया है। 1 से 16 मई तक आयोजित प्रतियोगिता में समीर ने प्री-क्वार्टर फाइनल में चाइनीज ताइपे, क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड और सेमीफाइनल में उज्बेकिस्तान के बॉक्सर को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में उन्होंने कजाकिस्तान के खिलाड़ी को कड़ी टक्कर देते हुए रजत पदक हासिल किया। यह स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ का पहला अंतरराष्ट्रीय पदक है। डीडीहाट के सुनखोली गांव निवासी समीर साधारण परिवार से हैं। उनकी इस उपलब्धि पर कॉलेज प्रशासन, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने भव्य स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उज्बेकिस्तान में चमका पिथौरागढ़ का समीर, अंडर-15 एशियन बॉक्सिंग में जीता सिल्वर
