10 हजार फीट ऊंचे गुंजी में भाजपा का प्रशिक्षण शिविर, राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय पहचान पर मंथन

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ । आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने सीमांत क्षेत्र के 10 हजार फीट ऊंचाई पर स्थित गुंजी गांव में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन शुरू किया है। शिविर में राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय पहचान जैसे विषयों पर पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वीरेंद्र शाह ने बताया कि जनपद पिथौरागढ़ के सभी 21 मंडलों से आए करीब 200 कार्यकर्ता इस प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहे हैं। शिविर के उद्घाटन सत्र में भाजपा संगठन के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री एवं आरएसएस नेता शिव प्रकाश मुख्य वक्ता रहे।
अपने संबोधन में शिव प्रकाश ने कहा कि भारतीय जनसंघ के समय से ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित “एकात्म मानववाद” की विचारधारा को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने का कार्य किया है और आज भाजपा की सफलता का श्रेय इसी विचारधारा को जाता है। उन्होंने कहा कि देशभर के 17 हजार से अधिक मंडलों में भाजपा कार्यकर्ताओं को नए और उभरते राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में शामिल सभी कार्यकर्ता और नेता पहले आदि कैलाश मंदिर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना के साथ योग शिविर का आयोजन भी किया गया। इसके बाद गुंजी शिविर में चार अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें पार्टी को मजबूत और अग्रणी बनाए रखने की रणनीतियों पर चर्चा हुई।
सीमांत क्षेत्र में इस तरह के प्रशिक्षण शिविर के आयोजन को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं स्थानीय सांसद अजय टम्टा ने कहा कि भाजपा पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध इस क्षेत्र को वैश्विक पहचान दिलाना चाहती है।
व्यास घाटी के स्थानीय लोगों ने पहली बार इतने बड़े और रंगारंग राजनीतिक प्रशिक्षण शिविर को देखा। वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री के दौरे और आदि कैलाश यात्रा को मिली पहचान के बाद इस क्षेत्र में सड़क संपर्क और पर्यटन गतिविधियों में तेजी आई है। स्थानीय जनजातीय नेता और पत्रकार शालू दाताल ने कहा कि आजादी के बाद से कांग्रेस का गढ़ रहे इस सीमांत क्षेत्र में अब विकास कार्यों के कारण भाजपा का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लगातार तीन चुनावों से धारचूला विधानसभा सीट कांग्रेस के पास रहने के बावजूद भाजपा यहां अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास कर रही है। आदि कैलाश यात्रा से स्थानीय लोगों को रोजगार और आजीविका के नए अवसर मिले हैं, जिससे भाजपा को भी राजनीतिक लाभ मिल रहा है। बीडी कसनियाल