रामगंगा नदी में नहाने गए कक्षा 9 के छात्र की डूबने से मौत, दो घंटे बाद मिला शव

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ ।। जनपद के ऊपरतोला (भल्या) गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय छात्र की नदी में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गांव निवासी कवींद्र कुमार पुत्र मुन्ना कुमार अपने साथियों के साथ क्रिकेट मैच खेलने गया था। मैच समाप्त होने के बाद सभी बच्चे रामगंगा नदी में नहाने पहुंचे, तभी कवींद्र गहरे पानी में डूब गया और लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद नदी से कवींद्र का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया, जहां कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
कवींद्र राजकीय जूनियर हाईस्कूल भल्या में कक्षा 9 का छात्र था। बताया गया कि वह पढ़ाई में बेहद होनहार था। उसके पिता दिव्यांग हैं और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।