मुख्यमंत्री धामी ने जिला अस्पताल पहुंच मरीजों का जाना हालचाल, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का दिया भरोसा

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ भ्रमण कार्यक्रम के समापन के बाद जिला अस्पताल बी.डी. पाण्डेय पहुंचकर इमरजेंसी एवं चिल्ड्रन वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को मरीजों को बेहतर उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और किसी भी मरीज को उपचार के अभाव में परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मरीजों के परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या या दिक्कत आती है तो वे जिलाधिकारी आशीष भटगाईं के माध्यम से सीधे अपनी बात उन तक पहुंचा सकते हैं। मुख्यमंत्री के आत्मीय व्यवहार और संवेदनशीलता से अस्पताल में मौजूद मरीजों एवं उनके परिजनों में भरोसा और उत्साह देखने को मिला।