पिथौरागढ़। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होने वाली परीक्षा के लिए जिले में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6795 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक उपस्थिति, फ्रिस्किंग और जैमर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर क्षेत्र में धारा-163 लागू रहेगी।
परीक्षा दिवस पर सुबह 8 बजे केंद्रों को सेनेटाइज किया जाएगा तथा 8:30 बजे से अभ्यर्थियों की जांच शुरू होगी। गोपनीय सामग्री को सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए परीक्षा को सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
