देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में देश की राष्ट्रपति एवं सशस्त्र सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। राष्ट्रपति ने 158वें नियमित और 141वें तकनीकी स्नातक पाठ्यक्रम की परेड की समीक्षा करते हुए नवप्रशिक्षित सैन्य अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर 481 भारतीय कैडेटों के साथ 16 मित्र देशों के 34 विदेशी कैडेट सैन्य अधिकारी बने। परेड की सबसे बड़ी विशेषता 9 महिला कैडेटों का सफलतापूर्वक पास आउट होना रहा, जिसने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नया इतिहास रच दिया।
राष्ट्रपति ने युवा अधिकारियों से राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश सेवा का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य में सेना को आधुनिक तकनीक और नवाचार के साथ आगे बढ़ना होगा।
कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, आईएमए के समादेशक लेफ्टिनेंट जनरल नागेन्द्र सिंह सहित सैन्य और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रपति ने सभी नव सैन्य अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
