पाटी में ‘निर्दलीय, नारायण लाल’! भाजपा के दिग्गजों की मेहनत पर फिरा पानी, नारायण लाल बने पहले नगर पंचायत अध्यक्ष

खबर शेयर करें 👉

लोहाघाट/पाटी। चंपावत जिले की नवगठित पाटी नगर पंचायत के पहले चुनाव में मतदाताओं ने बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल को नगर पंचायत का पहला अध्यक्ष चुन लिया। नारायण लाल ने भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 224 मतों के अंतर से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
मतगणना में नारायण लाल को 738 वोट, भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 514 वोट तथा निर्दलीय प्रत्याशी पार्वती देवी को 301 वोट प्राप्त हुए। इस परिणाम ने भाजपा खेमे को बड़ा झटका दिया है, क्योंकि पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने जोरदार चुनाव प्रचार किया था। इसके बावजूद भाजपा अपने उम्मीदवार को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सकी।
चुनाव के दौरान ही क्षेत्र में नारायण लाल की मजबूत स्थिति को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, जो आखिरकार परिणामों में भी दिखाई दीं। जीत की घोषणा होते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने रंग-गुलाल उड़ाकर तथा मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया।
विजयी प्रत्याशी नारायण लाल ने अपनी जीत को क्षेत्र की जनता की जीत बताते हुए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
जहां नारायण लाल के समर्थकों में जश्न का माहौल है, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं में निराशा और मायूसी देखी जा रही है। पाटी नगर पंचायत के पहले चुनाव का यह परिणाम क्षेत्र की राजनीति में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहेगा।