पिथौरागढ़। बुधवार दोपहर जामिरपानी के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। वड्डा बाजार से झूलाघाट जा रही एक कार करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार ज्वेलर हरीश लाल वर्मा (54) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। कार के खाई में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर झूलाघाट थाना पुलिस स्थानीय लोगों के साथ खाई में उतरी और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। हरीश लाल वर्मा वड्डा बाजार में ज्वेलरी की दुकान चलाते थे और रुईना गांव के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

