ऑपरेशन प्रहार के तहत पिथौरागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 शराब तस्कर गिरफ्तार; 15 लीटर कच्ची शराब बरामद, ड्रिंक एंड ड्राइव में चालक गिरफ्तार

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। नशे के अवैध कारोबार और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पिथौरागढ़ पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा 15 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की।

कोतवाली पुलिस ने कुमौड़ स्थित एक ढाबे में अवैध रूप से शराब परोसने और बेचने के आरोप में ढाबा संचालक युवराज सिंह निवासी ख्वांकोट को गिरफ्तार किया। वहीं, तीन अन्य आरोपियों ललित सिंह, नंदन सिंह और बलवंत सिंह को पांच-पांच लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।

इसके अलावा पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालक ललित सिंह को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया। पुलिस का कहना है कि नशे और अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।