रामेश्वर में सरयू नदी में नहाने गया 16 वर्षीय किशोर तेज बहाव में बहा, लापता

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़/गंगोलीहाट। घाट क्षेत्र के रामेश्वर में सरयू नदी में नहाने गए गंगोलीहाट क्षेत्र के एक किशोर के नदी के तेज बहाव में बहने से लापता होने का मामला सामने आया है। किशोर की तलाश में एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने देर शाम तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे गंगोलीहाट विकासखंड के टिम्टा, चमडुंगरा निवासी 16 वर्षीय हर्षित गिरी उर्फ सुमित गिरी पुत्र नीरज गिरी रामेश्वर स्थित शिव मंदिर में आयोजित भागवत कथा सुनने पहुंचा था। इस दौरान वह अपने तीन साथियों के साथ सरयू नदी में नहाने चला गया।

बताया जा रहा है कि नहाते समय उसके साथियों ने मजाक में उसकी चप्पल नदी में फेंक दी। चप्पल को बहता देख हर्षित उसे बचाने के लिए नदी में कूद गया, लेकिन नदी का तेज बहाव उसे अपने साथ बहा ले गया। देखते ही देखते वह साथियों की आंखों के सामने ओझल हो गया।

इधर, दोपहर करीब दो बजे तक हर्षित के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और साथियों से पूछताछ की। इसके बाद घटना की जानकारी सामने आई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सघन खोजबीन शुरू की। देर शाम तक अभियान चलाने के बावजूद किशोर का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।

सीओ पिथौरागढ़ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि शुक्रवार को फिर से सर्च अभियान चलाया जाएगा। हर्षित दसवीं का छात्र है। परिवार में उसका एक छोटा भाई और बहन हैं। किशोर के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।