पिथौरागढ़। रामलीला मैदान में बुधवार को भव्य “विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा” का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सामूहिक रूप से सुना। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और राष्ट्रसमर्पण की यात्रा को प्रेरणादायी बताया। इस दौरान अंत्योदय, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति, किसान कल्याण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, विधायक बिशन सिंह चुफाल, फकीर राम टम्टा, दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी, हेमराज बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

