पिथौरागढ़ । व्यास घाटी में 24 से 26 अक्टूबर तक ‘आदि कैलाश परिक्रमा रन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। पर्यटन विभाग के अनुसार इस हाई-एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन में देश-विदेश के करीब 1000 धावकों के शामिल होने की संभावना है। गुंजी को आयोजन का मुख्य केंद्र और बेस कैंप बनाया गया है। 70 किमी अल्ट्रा रन जोलिंगकोंग से छियालेख होते हुए गुंजी में समाप्त होगी। 42 किमी फुल मैराथन, 21 किमी हाफ मैराथन तथा 10 और 5 किमी रन गुंजी से कुटी की ओर होंगी। 26 अक्टूबर को माउंटेन टेरेन बाइकिंग (MTB) भी होगी। सहायक निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम को बढ़ावा देना है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर है।

