पिथौरागढ़। मुनस्यारी तहसील के दूरस्थ गोरीपार क्षेत्र स्थित फाफा गांव में एक भेड़ पालक की हत्या से सनसनी फैल गई। ग्राम पंचायत फाफा के तोक बजीखरक निवासी हिम्मत सिंह (38) पुत्र पुष्कर सिंह का शव शुक्रवार सुबह उनके टेंट में मिला। वह गुरुवार रात भेड़ों की रखवाली के लिए घर से करीब 50-60 मीटर दूर बने टेंट में सोने गए थे। सुबह काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश की तो उनका शव मिला। सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव थे। सूचना पर मुनस्यारी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सीओ गोविंद बल्लभ जोशी के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है।

