जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, मरीजों से जाना स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल; लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शुक्रवार देर शाम जिला अस्पताल पिथौरागढ़ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों एवं तीमारदारों से सीधे बातचीत कर उपचार, दवाइयों तथा चिकित्सकों की उपलब्धता के संबंध में फीडबैक लिया।

जिलाधिकारी ने मरीजों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई और संसाधनों की स्थिति भी परखी। उन्होंने चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। आपातकालीन सेवाओं में विशेष तत्परता बरतने और चिकित्सकों व मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।