मुख्यमंत्री धामी ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियां भी शामिल

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 13 बेटियां शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। अधिकारी नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। पर्वतीय क्षेत्रों के बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और दूरस्थ गांवों से आने वाले लोगों की समस्याओं पर विशेष ध्यान दें।

मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का उल्लेख करते हुए बिना दबाव और सिफारिश के निष्पक्ष निर्णय लेने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।