पिथौरागढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस, परिवहन विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, ओवरलोडिंग, निर्धारित क्षमता और सुरक्षा उपकरणों की जांच की। इस दौरान पुलिस ने एक स्कूल बस सहित कुल 52 वाहनों के चालान किए, जबकि 3 वाहनों को सीज किया गया। अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मंजू देवी, एआरटीओ अभिनव गहतोड़ी सहित पुलिस एवं यातायात विभाग की टीम शामिल रही। साथ ही वाहन चालकों और स्कूल बस संचालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

