पिथौरागढ़। कनार गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग को लेकर ग्रामीणों का आमरण अनशन छठे दिन भी जारी रहा। मंगलवार को टकाना स्थित रामलीला मैदान में धरने पर बैठे ग्रामीणों ने कहा कि आजादी के 78 साल बाद भी उनका गांव सड़क सुविधा से वंचित है। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग उठाने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं।
आंदोलनकारी भगत परिहार ने कहा कि सड़क की मांग को लेकर ग्रामीण कई बार आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों को आज भी कनार पहुंचने के लिए 18 किलोमीटर की पैदल दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण धरना स्थल पर मौजूद रहे।

