पिथौरागढ़ । पुलिस ने तकनीकी दक्षता और अथक प्रयासों से 128 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। CEIR पोर्टल समेत ऑनलाइन और ऑफलाइन शिकायतों के आधार पर पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे के निर्देशन में सर्विलांस सेल, एसओजी और थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी निगरानी के दौरान मोबाइल महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, बिहार, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना समेत हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर और नैनीताल में सक्रिय मिले। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर मोबाइल बरामद किए। पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एसपी ने मोबाइल स्वामियों को फोन सुपुर्द किए। इस कार्रवाई में सर्विलांस सेल प्रभारी नीरज भाकुनी सहित तकनीकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

