पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जनगणना शुरू, 30 सितंबर तक चलेगा घर-घर अभियान

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़, 2 सितंबर। जिले की मुनस्यारी और धारचूला तहसीलों के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में 1 सितंबर से जनगणना का कार्य शुरू हो गया है। अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। प्रगणक दल जोहार, दारमा और व्यांस घाटियों के 35 गांवों में घर-घर जाकर परिवारों और व्यक्तियों की जानकारी दर्ज करेंगे। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में करीब 650 लोगों पर एक प्रगणक तैनात किया गया है। जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से 40 से अधिक प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें परिवार, व्यवसाय, शिक्षा, आवास, रहन-सहन, महिलाओं की प्रजनन स्थिति तथा जाति संबंधी जानकारी शामिल है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बताया कि जनगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं और दुर्गम-बर्फीले क्षेत्रों में कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध पूरा किया जाएगा।