नेशनल बॉक्सिंग में स्वर्ण जीतकर घर लौटा अंशुमान, शाहीखोला में हुआ भव्य स्वागत

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय आठगांव सिलिंग के 12 वर्षीय छात्र अंशुमान शाही ने राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर पिथौरागढ़ और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है। शाहीखोला निवासी संदीप चंद शाही के पुत्र अंशुमान ने जुलाई माह में बनारस में आयोजित अंडर-42 से 44 किलोग्राम भार वर्ग की राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद विद्यालय से गांव पहुंचने पर अंशुमान का ग्रामीणों ने रैली निकालकर भव्य स्वागत किया। घर पहुंचने पर दादी व परिजनों ने तिलक लगाकर और आरती उतारकर उसका अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने अंशुमान को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने का आशीर्वाद दिया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कोमल मेहता, ग्राम प्रधान भावना भट्ट, दीवान सिंह मेहता, पवन चंद, प्रेम बल्लभ भट्ट, नरेश पांडे, रमेश मेहता, मुकेश मेहता, दयाल सिंह, ललित मेहता, हयात रावल, दीवान सिंह शाही, सुंदर सिंह, मदन सिंह, सूरज सौन, अशोक भट्ट,मनोज महर,विक्रम सिंह,मदन शाही,महादेव सिंह,जितेंद्र सिंह, प्रियंका पांडे और कोच हीरा सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।