डीएम ने खुद काटा धान, क्रॉप कटिंग से परखा फसल उत्पादन

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ । जिलाधिकारी आशीष भटगांई की देखरेख में ग्राम बडौली, तहसील पिथौरागढ़ में धान की फसल की क्रॉप कटिंग की गई। डीएम ने स्वयं फसल काटकर उत्पादन का जायजा लिया। कटाई और मढ़ाई के बाद दो प्रयोगात्मक प्लाटों में क्रमशः 7.3 और 5.2 किलोग्राम धान का उत्पादन प्राप्त हुआ। दोनों प्लाट 30-30 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के थे।

जिलाधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग फसल उत्पादन एवं उत्पादकता का अनुमान लगाने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा दावों के भुगतान में किया जाता है। इन आंकड़ों से किसानों के लिए योजनाएं बनाने में भी मदद मिलती है।

इस दौरान डीएम ने किसानों और ग्रामीणों से संवाद कर सरकारी योजनाओं का फीडबैक लिया और अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। तहसीलदार विजय गोस्वामी, सांख्यिकी अधिकारी सुशीला चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।