पिथौरागढ़ । पिथौरागढ़-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाट के समीप मुन्ना बैंड में लगातार पत्थर गिरने की समस्या को लेकर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की स्थिति, पहाड़ी से गिर रहे पत्थर-मलबे और यातायात सुचारु रखने के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। एनएच अधिकारियों ने बताया कि मुन्ना बैंड के स्थायी उपचार के लिए डीपीआर को स्वीकृति मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया गतिमान है। जिलाधिकारी ने प्रक्रियाओं में तेजी लाकर जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। यात्रियों की सुरक्षा के लिए मुन्ना बैंड पर एसडीआरएफ की टीम तैनात रहेगी। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में मार्ग चालू कर दिया गया है।

