भीषण ओलावृष्टि से पिथौरागढ़ में तबाही, किसानों को तत्काल मुआवजा और राहत दे सरकार-मयूख महर,विधायक पिथौरागढ़

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में हुई भीषण ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। पिथौरागढ़ के विधायक मयूख सिंह महर ने कहा कि बड़े आकार के ओलों के कारण मिर्च, टमाटर, बीन्स, आलू सहित आड़ू, प्लम, खुमानी, सेब और नाशपाती जैसी फल एवं सब्जी फसलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कई स्थानों पर पॉलीहाउस में उगाई गई फसलें भी नष्ट हो गईं, जबकि घरों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।
विधायक महर ने कहा कि यह केवल फसलों का नुकसान नहीं, बल्कि किसानों की आजीविका पर सीधा प्रहार है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन से शीघ्र सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन करने तथा प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही जिन किसानों की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं, उनके कृषि ऋण माफ करने और आगामी बुवाई के लिए विशेष सहायता पैकेज उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में अन्नदाताओं के साथ खड़ा होना हम सभी की जिम्मेदारी है और सरकार को किसानों को शीघ्र राहत प्रदान करनी चाहिए।