पिथौरागढ़ । जनपद में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत अस्कोट पुलिस ने अवैध भांग की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र यादव एवं ओगला चौकी प्रभारी नीरज चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम सभा नाग-ताल क्षेत्र में अवैध रूप से उगाई जा रही भांग की फसल को नष्ट कर दिया। अभियान के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। साथ ही बिना वैध अनुमति के भांग की खेती करना कानूनन अपराध है तथा ऐसे मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी, इसकी भी जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से नशे के कारोबार और अवैध खेती की सूचना तत्काल साझा करने की अपील करते हुए मानस हेल्पलाइन 1933 के बारे में भी जागरूक किया। जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नशा मुक्ति अभियान: अस्कोट पुलिस ने नाग-ताल में अवैध भांग की खेती की नष्ट, ग्रामीणों को किया जागरूक
