पिथौरागढ़ । हरेला सप्ताह के तहत 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल कुमाऊँ की पंचाचूली कंपनी ने वड्डा के समीप सुवाकोट में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाकर 10 हजार पौधे रोपे। अभियान में बटालियन के अधिकारियों, सैनिकों, पूर्व सैनिकों, स्थानीय ग्रामीणों तथा कैलाश आश्रम विद्यालय, शिशु विद्या मंदिर वड्डा और विश्व भारती पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान आम, अनार, अमरूद, लीची, नींबू, बाँज, मणिपुरी बाँज, चिनार, देवदार, सुरई और कचनार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। बटालियन ने बताया कि हरेला सप्ताह के अंतर्गत अब तक 50 हजार पौधों का रोपण किया जा चुका है। यह अभियान वर्ष 2026-27 के 8 लाख पौधों के निर्धारित लक्ष्य से अलग स्वैच्छिक पहल है। 16 जुलाई को हरेला पर्व तक 70 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को नई मजबूती मिलेगी।
हरेला : प्रादेशिक सेना की 130 इन्फैंट्री बटालियन ने सुवाकोट में लगाए 10 हजार पौधे, हरित हिमालय का लिया संकल्प
