पिथौरागढ़। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिथौरागढ़ पुलिस की एसओजी टीम ने एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 12.80 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी एसओजी नीरज भाकुनी के नेतृत्व में टीम पिथौरागढ़-सुकौली रोड क्षेत्र में चेकिंग एवं गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर वापस लौटने का प्रयास करने लगा। उसके हाव-भाव पर संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12.80 ग्राम (पन्नी सहित) अवैध हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान ललित सेठी निवासी बजेठी, पिथौरागढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस अब आरोपी से बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, खरीद-फरोख्त और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, अपर उपनिरीक्षक दीपक खनका, कांस्टेबल गोविन्द रौतेला, कांस्टेबल वीरेंद्र यादव तथा चालक कांस्टेबल सोनू कार्की शामिल रहे।
