पिथौरागढ़। सीमांत जनपद के अस्कोट थाना क्षेत्र अंतर्गत द्वालीसेरा गांव में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, द्वालीसेरा निवासी 50 वर्षीय भुवन प्रसाद अपनी 38 वर्षीय पत्नी गीता देवी के साथ गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में बेकाबू भुवन प्रसाद ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से गीता देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद घर से आई चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद का बताया जा रहा है, जबकि यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय आरोपी नशे में था या नहीं।
फिलहाल पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।
