उत्तराखंड के लोगों के मोबाइल फोन पर आज (शनिवार) इमरजेंसी अलर्ट की बीप सुनाई दे सकती है। इसके साथ ही स्क्रीन पर एक चेतावनी संदेश भी फ्लैश होगा।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यह अलर्ट पूरी तरह से एक टेस्ट (परीक्षण) है और आम जनता को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
सचिव वीके सुमन के अनुसार, यह परीक्षण राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में किसी भी प्राकृतिक आपदा या आपात स्थिति के दौरान सूचना तेजी से और सीधे हर व्यक्ति तक पहुंच सके।
यह सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के जरिए एक साथ बड़ी संख्या में मोबाइल फोन पर भेजा जाएगा। अधिकारियों ने साफ किया है कि इस अलर्ट पर किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अलर्ट आने पर शांत रहें और इसे सिर्फ एक मॉक ड्रिल के रूप में लें।
आज आपके फोन पर बजेगी इमरजेंसी घंटी, घबराएं नहीं—सिर्फ टेस्ट अलर्ट
