पुलिस ने पहाड़ में नशा तस्करी के मुख्य सप्लायर को उधमसिंहनगर से किया गिरफ्तार

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़: हेरोइन (स्मैक) तस्करी के मामले में पिथौरागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नवंबर 2025 में एसओजी पिथौरागढ़ द्वारा 23.84 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों—दो महिलाओं और दो पुरुषों—से जुड़े मामले की विवेचना के दौरान नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ।

जांच में हेरोइन की सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर के रूप में अंग्रेज सिंह, निवासी सलमाता, नानकमत्ता (जनपद उधमसिंहनगर) का नाम सामने आया। इसके बाद कोतवाली पिथौरागढ़ के प्रभारी निरीक्षक ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सर्विलांस सेल की सहायता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलमाता से गिरफ्तार कर लिया।

विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक ललित डंगवाल ने मुकदमे में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 29 की बढ़ोत्तरी की है। पुलिस के अनुसार जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध उधमसिंहनगर जिले के विभिन्न थानों में एनडीपीएस अधिनियम सहित अन्य आपराधिक मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।