पिथौरागढ़ । आमजन की समस्याओं के त्वरित और सरल समाधान के लिए जिला प्रशासन एक नई पहल करने जा रहा है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर “हैलो हेल्प” हेल्पलाइन सेवा मई के दूसरे सप्ताह से शुरू की जाएगी, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक घर बैठे ही विभिन्न सरकारी सेवाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त शिकायतों को तुरंत संबंधित विभागों तक भेजा जाएगा, जिससे निस्तारण की प्रक्रिया तेज होगी।
यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए राहतभरी साबित होगी, जिन्हें अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एक कॉल के जरिए पेंशन, राशन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, बिजली कनेक्शन समेत अन्य सेवाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जा सकेगा।
प्रशासन के अनुसार, हेल्पलाइन में शिकायतों की ट्रैकिंग सुविधा भी होगी, जिससे लोग अपने आवेदन की स्थिति आसानी से जान सकेंगे। इस पहल से न केवल समय की बचत होगी बल्कि पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा।
अब एक कॉल में हर समस्या का समाधान—पिथौरागढ़ में “हैलो हेल्प” हेल्पलाइन मई के दूसरे सप्ताह से शुरू
