गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने धारचूला सीमा का किया निरीक्षण, जवानों के साहस और समर्पण की सराहना

खबर शेयर करें 👉

धारचूला। एमओएस गृह राज्य नित्यानंद राय ने बुधवार को भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र धारचूला का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं सीमा प्रबंधन का निरीक्षण किया। सुबह करीब 11:30 बजे सेना हेलीपैड पहुंचने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान आईजी अमित कुमार, डीआईजी सुधांशु नौटियाल, अक्षय कोंडे, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह तथा मनु महाराज सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
गृह राज्य मंत्री ने काली नदी पर बने इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय झूला पुल का निरीक्षण कर सीमा सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर 11वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल डीडीहाट के कमांडेंट डॉ. अतुल कुमार राय, उपजिलाधिकारी आशीष जोशी और सहायक कमांडेंट दीपक सापकले ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसबी अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंधन, बॉर्डर इंटरैक्शन टीम (BIT) की कार्यप्रणाली तथा क्षेत्राधिकार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत ऑपरेशनल ब्रीफिंग दी। इसके बाद गृह राज्य मंत्री ने बीओपी धारचूला पहुंचकर जवानों से संवाद किया और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण की सराहना की।
उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बल देश की पहली सुरक्षा पंक्ति हैं और उनका योगदान पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान गृह राज्य मंत्री ने बीओपी परिसर में चंदन का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
करीब 12:45 बजे गृह राज्य मंत्री हेलीपैड के लिए रवाना हो गए। उनका यह दौरा सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और जवानों का मनोबल बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।