पिथौरागढ़। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में एवं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ के कमरा नंबर-10 में इनर लाइन परमिट बनाने की सुविधा विधिवत रूप से शुरू कर दी गई है। अब यात्री पिथौरागढ़ और धारचूला दोनों स्थानों से आसानी से इनर लाइन परमिट प्राप्त कर आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा पर जा सकेंगे।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह नई व्यवस्था लागू की गई है, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और परमिट प्रक्रिया भी सरल होगी।
जिलाधिकारी आशीष भटगाई ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 मई 2026 को कुल 1645 इनर लाइन परमिट जारी किए गए। वहीं वर्ष 2026 में मात्र 23 दिनों के भीतर जारी कुल इनर लाइन परमिटों की संख्या बढ़कर 18,561 पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि बीते वर्ष पूरे सीजन में कुल 36,600 यात्री यात्रा पर गए थे, जबकि इस वर्ष शुरुआती 23 दिनों में ही गत वर्ष के मुकाबले आधे से अधिक यात्री आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा पर जा चुके हैं।
यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन द्वारा यह नई व्यवस्था अमल में लाई गई है, जिससे यात्रा प्रबंधन और सुविधाएं और बेहतर हो सकें।
जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में शुरू हुई इनर लाइन परमिट सुविधा, आदि कैलाश यात्रा को मिलेगा बढ़ावा
