पिथौरागढ़ । आगामी 1 जून 2026 से प्रस्तावित भारत-चीन अंतर्राष्ट्रीय सीमा व्यापार को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सीमा व्यापार से जुड़े विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया गया।
बैठक में गुंजी से धारचूला तक मोटर एवं पैदल मार्गों की स्थिति, गुंजी में अस्थायी ट्रेड कार्यालय की स्थापना, सुरक्षा व्यवस्था, संचार सुविधा, परिवहन, चिकित्सा सेवाओं तथा व्यापारियों के लिए मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि व्यापार शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि व्यापारियों और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने गुंजी स्थित भारतीय स्टेट बैंक में बैंकिंग सुविधाएं सुनिश्चित करने, कस्टम चौकी की स्थापना, आवश्यक स्टाफ की तैनाती, व्यापारियों के लिए शौचालय व्यवस्था तथा हुट्स की स्थिति को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस एवं आईटीबीपी के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि शासन स्तर पर धारचूला एवं गुंजी में अस्थायी व्यापार कार्यालय और कस्टम कार्यालय स्थापित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि बॉर्डर ट्रेड पास के लिए विदेश मंत्रालय को मांग भेजी जा चुकी है तथा बजट आवंटन के लिए शासन को प्रस्ताव प्रेषित किया गया है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी को व्यापारियों से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत-चीन सीमा व्यापार सीमांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, रोजगार और पारंपरिक व्यापारिक गतिविधियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष सिंह नबियाल, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
भारत-चीन सीमा व्यापार को लेकर प्रशासन अलर्ट, 1 जून से पहले तैयारियां तेज
