पिथौरागढ़। बिण कुटकुट फॉर्म परिसर में जटेश्वर महादेव मंदिर समिति के नेतृत्व में 16 मई 2026 से जारी धरना प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों तथा मंदिर कमेटी के बीच हुई वार्ता के बाद दो माह के लिए स्थगित कर दिया गया।
विधायक मयूख महर ने बताया कि वार्ता के दौरान दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि विभाग आगामी दो महीनों के भीतर मंदिर की 41 माली भूमि को खाली करेगा तथा वर्ष 1960 से 2026 तक का किराया मंदिर समिति को प्रदान करेगा। इसके अलावा आवश्यकता पड़ने पर विभाग नियमानुसार उक्त भूमि को किराये पर ले सकेगा।
बैठक में यह भी तय हुआ कि यदि 22 जुलाई 2026 तक विभाग आवश्यक विभागीय कार्रवाई पूरी नहीं कर पाता है, तो 23 जुलाई 2026 को मंदिर कमेटी अपनी भूमि पर पुनः कब्जा लेगी।
वार्ता में प्रशासन की ओर से एसडीएम सदर मौजूद रहे, जबकि विभाग की ओर से जिला पशुधन अधिकारी डॉ. लाल सिंह सामंत, अर्जुन महर एवं डॉ. मोहन राम उपस्थित रहे। मंदिर कमेटी की ओर से अध्यक्ष अर्जुन महर, सचिव धर्मेश डसीला, कोषाध्यक्ष टिकेंद्र महर तथा संरक्षक राम सिंह महर ने भाग लिया।
विधायक मयूख महर ने कहा कि यदि दो माह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो जनता आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगी। उन्होंने आंदोलन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार भी व्यक्त किया।
दो माह के लिए स्थगित हुआ जटेश्वर महादेव मंदिर भूमि आंदोलन, 22 जुलाई तक कार्रवाई का अल्टीमेटम: मयूख महर विधयक,पिथौरागढ़
