पिथौरागढ़। देवलथल क्षेत्र के भंडारी गांव निवासी ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह बसेड़ा, एसएम, वीएसएम एंड बार (सेवानिवृत्त) को उत्तराखंड राज्य सैनिक बोर्ड का नया निदेशक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से पिथौरागढ़ के पूर्व सैनिकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
पूर्व सैनिक संगठनों ने ब्रिगेडियर बसेड़ा की नियुक्ति का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि उनके लंबे सैन्य अनुभव और नेतृत्व क्षमता से राज्य में पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
नेशनल डिफेंस अकादमी के पूर्व छात्र और तीसरी पीढ़ी के सैन्य अधिकारी ब्रिगेडियर बसेड़ा ने दिसंबर 1992 में 3/5 गोरखा राइफल्स (फ्रंटियर फोर्स) में कमीशन प्राप्त किया था। करीब 34 वर्ष के सैन्य करियर में उन्होंने कारगिल युद्ध, ऑपरेशन पराक्रम, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तैनाती तथा आतंकवाद विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण सेवाएं दीं।
अपने सैन्य कार्यकाल के दौरान उन्होंने 2 असम राइफल्स की कमान संभालने के साथ ही एक इन्फैंट्री ब्रिगेड का नेतृत्व भी किया। सैन्य सेवा के दौरान उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें सेना मेडल (SM), विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) और बार से सम्मानित किया गया।
ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह बसेड़ा की नियुक्ति को सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है। पूर्व सैनिकों को उम्मीद है कि उनके अनुभव का लाभ सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से जुड़े कल्याणकारी कार्यों को मिलेगा।

