जनसुनवाई में हंगामा, डीएम ने अनधिकृत वीडियो रिकॉर्डिंग पर लगाई रोक

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कुछ अराजक तत्वों द्वारा अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न किया गया। आरोप है कि संबंधित लोग लगातार वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे, जिससे फरियादियों और अधिकारियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए संबंधित व्यक्तियों को रिकॉर्डिंग बंद करने तथा जनसुनवाई कक्ष से बाहर जाने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि जनसुनवाई एक संवेदनशील एवं जनहित से जुड़ी प्रक्रिया है, जहां आमजन अपनी व्यक्तिगत समस्याएं और प्रशासनिक शिकायतें लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में व्यवस्था, गोपनीयता और गरिमा बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
घटना के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए भविष्य में जनसुनवाई एवं प्रशासनिक बैठकों के दौरान अनधिकृत वीडियो रिकॉर्डिंग पर रोक लगाने की घोषणा की है। प्रशासन के अनुसार अब केवल अधिकृत पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को ही कवरेज और रिकॉर्डिंग की अनुमति दी जाएगी।
जिलाधिकारी के इस फैसले का उपस्थित पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों ने समर्थन किया। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों की गंभीरता और जनसुनवाई की मर्यादा बनाए रखने को आवश्यक बताया।
जिला प्रशासन ने कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, जिसके लिए अनुशासन और मर्यादा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।