महिला आयोग द्वारा विकास भवन सभागार में की महिला जनसुनवाई

खबर शेयर करें 👉

राज्य महिला आयोग द्वारा 9 से 13 मार्च तक प्रदेशभर में चलाए जा रहे “महिला आयोग आपके द्वार” अभियान के तहत आज पिथौरागढ़ के विकास भवन में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान करना और उन्हें न्याय दिलाना है, ताकि उनका जीवन अधिक सुरक्षित और सरल बन सके। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने आयोग के सदस्यों के समक्ष उत्पीड़न, घरेलू विवाद, पारिवारिक कलह और अन्य सामाजिक समस्याओं से जुड़े मामलों को रखा। राज्य महिला आयोग की सदस्य रचना जोशी ने बताया कि कई मामलों में शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका विधिक प्रक्रिया के तहत शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर मदद उपलब्ध कराना है।