जिला प्रबन्धक, उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक कल्याण तथा वक्फ विकास निगम, पिथौरागढ़ ने बताया कि निगम द्वारा संचालित स्वरोजगार योजना के अंतर्गत अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र लाभार्थियों को बैंकों के माध्यम से सस्ती ब्याज दर पर ऋण एवं अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद पिथौरागढ़ को इस योजना के अंतर्गत चार भौतिक लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। राज्य वित्त पोषित स्वरोजगार योजना के तहत
₹20,000 से ₹1,00,000 तक – 01 लक्ष्य
₹1,00,000 से ₹2,00,000 तक – 01 लक्ष्य
₹2,00,000 से ₹5,00,000 तक – 01 लक्ष्य
₹5,00,000 से ₹10,00,000 तक – 01 लक्ष्य
निर्धारित किया गया है।
योजना में परियोजना लागत का 60 प्रतिशत बैंक ऋण, 25 प्रतिशत अनुदान तथा 15 प्रतिशत अंश लाभार्थी द्वारा स्वयं वहन किया जाएगा।
योजना का लाभ मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, पारसी एवं जैन धर्म से संबंधित अल्पसंख्यक वर्ग के व्यक्ति ले सकते हैं। लाभार्थी की वार्षिक आय ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में ₹2.50 लाख से कम, आयु 18 से 55 वर्ष के मध्य तथा जनपद का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।
आवेदन पत्र के साथ अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र या स्व-घोषणा पत्र, आधार कार्ड, परिवार रजिस्टर एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना आवश्यक है।
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र समस्त आवश्यक दस्तावेजों सहित दिनांक 10 फरवरी 2026 तक उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक कल्याण तथा वक्फ विकास निगम, लिंक रोड पिथौरागढ़ स्थित कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
अल्पसंख्यक स्वरोजगार योजना के तहत सस्ती ब्याज दर पर ऋण व अनुदान, 10 फरवरी तक आवेदन
