​भाजपा प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने सरयू नदी पर 120 मेगावाट की ‘चमगाड़ परियोजना’ शुरू करने की मांग

खबर शेयर करें 👉

सरयू नदी पर प्रस्तावित 120 मेगावाट की चमगाड़ जल विद्युत परियोजना को शुरू करने की मांग एक बार फिर उठी है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री मथुरा दत्त जोशी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को पुनर्जीवित करने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि यह परियोजना अविभाजित उत्तर प्रदेश के समय चमगाड़ क्षेत्र में प्रस्तावित की गई थी, जिसका प्रारंभिक सर्वे सिंचाई विभाग द्वारा पहले ही पूरा किया जा चुका है, लेकिन राज्य गठन के बाद से यह योजना ठंडे बस्ते में पड़ी हुई है।

जोशी के अनुसार, परियोजना शुरू होने से सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के सैकड़ों युवाओं को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा और पलायन पर भी रोक लगेगी। साथ ही राज्य को अतिरिक्त विद्युत उत्पादन का लाभ मिलेगा, जिससे ऊर्जा आत्मनिर्भरता मजबूत होगी। प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि जनहित और आर्थिक विकास को देखते हुए मुख्यमंत्री से सिंचाई विभाग को शीघ्र आवश्यक आदेश जारी करने का अनुरोध किया गया है।