घाट–पिथौरागढ़ एनएच पर दर्दनाक सड़क हादसा, दंपति की मौके पर मौत

खबर शेयर करें 👉

जनपद पिथौरागढ़ में घाट–पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार चुपकोट मटेला बैंड के पास एक XUV कार अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा उस समय हुआ जब कार लोहाघाट से पिथौरागढ़ की ओर आ रही थी।

दुर्घटना में कार सवार पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान योगेश कुमार (38 वर्ष) पुत्र जीवन राम एवं उनकी पत्नी निधि राज (26 वर्ष) निवासी बजेटी, जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस एवं राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से उक्त मोड़ पर सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।