पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट क्षेत्र के बोयल में आज दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगोलीहाट से बोयल गांव की ओर जा रही एक स्विफ्ट कार बोयल के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में कार चालक बोयल निवासी 35 वर्षीय भोपाल सिंह की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं कार सवार 60 वर्षीय शिवनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल को खाई से बाहर निकाला।
घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
